स्वच्छता की सीख, स्वास्थ्य की सुरक्षा : निगम ने स्कूल में चलाया स्टॉप डायरिया अभियान

19

नगर निगम की स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) टीम द्वारा चलाए जा रहे “सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ” अभियान के अंतर्गत राजकीय माध्यमिक विद्यालय, गोविंदपुरी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मेयर सुमन बहमनी और नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को स्वच्छता अपनाकर डायरिया जैसी बीमारियों से बचाव के उपाय बताए गए। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्टॉप डायरिया अभियान की विस्तृत जानकारी दी गई।
स्वच्छ भारत मिशन के आईईसी विशेषज्ञ आकाश कुमार ने बताया कि नियमित रूप से साबुन से हाथ धोने, स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल का उपयोग करने, शौचालय का प्रयोग करने और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने से डायरिया जैसी बीमारियों से बचा जा सकता है। साथ ही विद्यार्थियों को बीमारी की स्थिति में ओआरएस और जिंक के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए ठोस कचरा प्रबंधन के बारे में भी जागरूक किया। उन्हें घर और विद्यालय में गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, कचरे का सही निस्तारण करने तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया। स्वच्छ भारत मिशन के सहायक गगन ने कहा कि अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना है, ताकि वे स्वयं स्वच्छ आदतें अपनाने के साथ-साथ समाज में भी स्वच्छता का संदेश पहुंचा सकें। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने स्वच्छता बनाए रखने और अपने आसपास का वातावरण साफ रखने का संकल्प भी लिया।

Rama Kaushik