हाईवे पर साधु का भेष बनाकर लोगों को झांसे में लेने और फिर स्नेचिंग करने वाले आरोपित को स्पेशल सेल की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित कोई साधु नहीं बल्कि दढ़वा की डेहा बस्ती निवासी अमीरचंद निकला। पुलिस के अनुसार आरोपित पानी मांगने के बहाने वाहन चालकों को रोकता था और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाता था।
मामला 14 जून का है। पंचकूला निवासी एक डॉक्टर किसी काम से देहरादून जा रहा था। करेड़ा खुर्द हाईवे के पास उसे साधु के भेष में एक व्यक्ति दिखाई दिया। उसने पानी मांगकर डॉक्टर की कार रुकवाई। इसके बाद बातचीत में उलझाकर उसकी चेन छीन ली और हाईवे पार कर फरार हो गया। डॉक्टर को जब तक कुछ समझ आता, आरोपित वहां से निकल चुका था।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने छीना झपटी का केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान स्पेशल सेल की टीम को सूचना मिली कि एक युवक बैंक कॉलोनी मोड़ के पास संदिग्ध हालत में घूम रहा है। टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान अमीरचंद पुत्र तालाब नाथ निवासी डेहा बस्ती दढ़वा के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में आरोपित ने डॉक्टर से की गई स्नेचिंग की वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपित ने इस तरीके से और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।
स्पेशल सेल प्रभारी रमन चंदेल के अनुसार आरोपित लोगों की आस्था का फायदा उठाकर साधु का रूप धारण करता था और हाईवे पर पानी मांगने के बहाने गाड़ियां रुकवाकर वारदात करता था।






